डीआईजी ने किया वाल्मीकि नगर थाने का वार्षिक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
गार्ड ऑफ ऑनर से किया गया सम्मानित, पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने पर दिया जोर
नन्दलाल पटेल वाल्मिकीनगर / विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण। पश्चिमी चंपारण रेंज के डीआईजी हरिकिशोर राय ने शनिवार की शाम वाल्मीकि नगर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। थाना परिसर पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, पुलिसकर्मियों के आवास और विभिन्न कार्यालयों की व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी ने थाना परिसर स्थित सरिस्ता, कंप्यूटर कक्ष, थानाध्यक्ष कार्यालय, हाजत, मालखाना और आगंतुक कक्ष सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। इसके अलावा डीएपी महिला एवं पुरुष जवानों तथा गृह रक्षक बल के आवासों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों की उपस्थिति और कार्यालय में संधारित अभिलेखों की जांच-पड़ताल की।

इस दौरान डीआईजी हरिकिशोर राय और बगहा एसपी राजेश कुमार ने थाना परिसर में आम के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। निरीक्षण के संबंध में डीआईजी ने बताया कि डीआईजी स्तर से सभी थानों का वार्षिक निरीक्षण किया जाता है। इसका उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग, अभिलेखों के रखरखाव और थाने की कार्यप्रणाली की समीक्षा करना है। उन्होंने लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने तथा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने वाल्मीकि नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार से क्षेत्र में अपराध की स्थिति और उसकी रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। साथ ही पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने तथा थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

डीआईजी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान लगभग सभी फाइलें पूर्ण पाई गईं, जबकि कुछ कमियां सामने आईं, जिन्हें जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है। इस अवसर पर बगहा एसपी राजेश कुमार, एसडीपीओ निहार भूषण, सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार पाठक, डीआईजी के रीडर एवं क्राइम शाखा से जुड़े कपूर नाथ शर्मा, थानाध्यक्ष मनोज कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
