विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
मुजफ्फरपुर। इंदिरा एकादशी व्रत के पारण के अवसर पर आरडीएस कॉलेज के समीप स्थित हनुमान मंदिर में सत्संग एवं भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य पंडित अजय प्रकाश तिवारी, अध्यक्ष भोला घोष, निशांत कुमार, ममता देवी, संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्षा अंजू देवी, ध्रुव कुमार त्रिवेदी एवं सोनी देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।अंतर्राष्ट्रीय न्यास स्वरांजलि सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पितृ पक्ष की महिमा पर प्रकाश डाला गया। संस्था के कलाकारों ने माता-पिता की भक्ति पर आधारित पारंपरिक एवं मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। “मां-बाप से बड़ा कोई भगवान नहीं है”, “भला किसी का कर न सको तो” और “हे दुःख भंजन मारुति नंदन” जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। इसके बाद सभी भक्तों ने समवेत स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। कार्यक्रम के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर आगामी 25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाली महाआरती के लिए स्थानीय श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया। इस दौरान आयुर्वेद के महत्व पर भी चर्चा की गई। स्वास्थ्य कर्मी चंद्रदेव ठाकुर एवं समाजसेवी भरत राणा के नेतृत्व में एडब्ल्यूपीएल और आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यकर्ताओं को सम्मानित किए जाने की जानकारी दी गई।

पुजारी अजय प्रकाश तिवारी ने कहा कि हनुमान जी महाराज को कलियुग का साक्षात भगवान माना जाता है। उन्होंने स्वरांजलि सेवा संस्थान द्वारा मुजफ्फरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में लावारिस दिव्यांग एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की। भक्त निशांत कुमार ने कहा कि मानवता और इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं है। वहीं ममता देवी ने जरूरतमंदों एवं सड़क किनारे रहने वाले लोगों की सेवा में जुटे समाजसेवी संगीत आनंद, अंजू देवी एवं स्वरांजलि एस. के कार्यों की सराहना की।कार्यक्रम के अंत में आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सहयोग देने वाले ऋषिग्राम ऑर्गेनिक्स के संस्थापक उत्कृष्ट पांडे, धर्मपाल गुरु वशिष्ठ जी महाराज, पवन भट्टराई, निदेशक राजेश गुप्ता, लेखक एम. शफी, फौजी विद्यासागर राणा एवं भक्त बृजेश पाल के प्रति आभार व्यक्त किया गया।कार्यक्रम का संचालन पुजारी अजय प्रकाश तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष भोला घोष एवं निशांत कुमार ने किया। मौके पर दीपक कुमार, मनटून ठाकुर, हरेन्द्र साह एवं ध्रुव कुमार त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।






