भोरे/गोपालगंज से मंजेश पाण्डेय की रिपोर्ट
सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुशहा, भोरे में वर्ल्ड वाइल्डलाइफ डे 2026 के अवसर पर पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9 एवं 10 के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पौधारोपण, पेंटिंग, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई।
पौधारोपण कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पेड़-पौधों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं, रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने वन्यजीवों, जंगल और प्रकृति से जुड़े आकर्षक चित्र बनाकर संरक्षण का संदेश दिया। निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में भोरे वन विभाग की टीम भी मौजूद रही। वनों के क्षेत्र पदाधिकारी राजकुमार प्रसाद, वनपाल पूजा कुमारी, वनरक्षी जुबैर अंसारी एवं फरहान खान, केटल गार्ड अजीत कुमार, मैनुद्दीन बैठा, केश्वर यादव, तुलसी मांझी, राधेश्याम मांझी एवं रमेश ततवा सहित अन्य वनकर्मी उपस्थित रहे।
वन विभाग की टीम ने विद्यार्थियों की प्रतियोगिताओं का अवलोकन करते हुए उन्हें वन्यजीवों एवं पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीव और वन प्रकृति के संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनके संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक लोकेश कुमार यादव सहित अन्य शिक्षकगण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। शिक्षकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित होती है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।






