विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
रामनगर। प्रखंड क्षेत्र की खटौरी पंचायत की मुखिया सह मुखिया संघ की अध्यक्ष स्मिता चौरसिया ने पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से मुलाकात कर पंचायतों में विकास कार्यों के संचालन के दौरान आ रही विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं, पंचायतों के विकास कार्यों तथा राशि के अभाव में प्रभावित हो रहे कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
मुखिया संघ अध्यक्ष स्मिता चौरसिया ने मंत्री के समक्ष पंचायत स्तर पर उत्पन्न हो रही समस्याओं को प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि पंचायतों में आम लोगों की जरूरतों को देखते हुए लगातार विकास कार्य कराए जाने की आवश्यकता है, लेकिन विभिन्न स्तरों पर आ रही परेशानियों के कारण पंचायत प्रतिनिधियों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पंचायतों को समय पर आवश्यक राशि उपलब्ध कराने तथा लंबित कार्यों को गति देने की मांग की। मुलाकात के दौरान पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। मंत्री की ओर से कहा गया कि पंचायतों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक पहल की जाएगी तथा संबंधित मामलों का जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

मुखिया संघ अध्यक्ष ने पंचायतों को मिलने वाली राशि के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि पंचायतों को 16वीं एवं सप्तम मद की राशि मिलने का इंतजार है। इस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि पंचायतों को राशि यथाशीघ्र उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। राशि मिलने के बाद पंचायतों में लंबित विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सहूलियत होने की उम्मीद है। वहीं, पंचायत चुनाव को लेकर भी मुलाकात के दौरान चर्चा हुई। चुनाव कार्यक्रम में थोड़ी देरी होने की संभावना जताई गई है। हालांकि चुनाव की अंतिम तिथि एवं कार्यक्रम के संबंध में आधिकारिक घोषणा का इंतजार रहेगा।
स्मिता चौरसिया ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं का समाधान और पंचायतों के विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्री के आश्वासन के बाद पंचायतों से संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द ठोस पहल होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।






