आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत तीन दिवसीय सेवा सेतु शिविर का शुभारंभ जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के पात्र लाभुकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए एकीकृत सुविधा उपलब्ध कराना है।
डीएम ने कहा कि शिविर के माध्यम से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। एक ही काउंटर पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी, आवेदन एवं निबंधन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। लाभुक आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक समेत आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित योजनाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने के बाद उन्हें प्राप्ति रसीद भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा उसकी नियमित निगरानी का निर्देश दिया।

बीडीओ संजीव कुमार ने पंचायत स्तरीय कर्मियों को शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें। मौके पर ओएसडी सुजीत कुमार, प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी, केशव किशोर, स्तुति कुमारी, संजीव कुमार, जगदीश राम समेत प्रखंड के कर्मी मौजूद रहे।
शिविर के उद्घाटन के बाद डीएम ने बेलवा लखनपुर पंचायत स्थित जवाहीरपुर मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति एवं नामांकन की स्थिति की जानकारी ली। डीएम ने विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।






