आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से लौरिया प्रखंड कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर शुरू किया गया। 6 अक्टूबर से शुरू हुआ यह शिविर 8 अक्टूबर तक चलेगा। मंगलवार को आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में बीडीओ संजीव कुमार, सीओ आशु रंजन, बीपीआरओ सोनाली कुमारी, कृषि पदाधिकारी केशव किशोर और श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी स्तुति कुमारी ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन और निबंधन की सुविधा एक ही स्थान पर दी जा रही है।

लाभार्थी आवश्यक कागजात के साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, किसान सम्मान निधि, दिव्यांग कल्याण, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सहित अन्य योजनाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। बीडीओ संजीव कुमार ने कहा कि शिविर का उद्देश्य पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के साथ आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाना है। आवेदन जमा करने वाले लाभार्थियों को प्राप्ति रसीद दी जाएगी और आवेदनों के निष्पादन की निगरानी की जाएगी। उन्होंने पंचायत स्तर के कर्मियों को व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में बीस सूत्री अध्यक्ष दीपक दत्त तिवारी, मुखिया संजय पाठक, लालबहादुर साह, कमलेश यादव, प्रदीप मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






