अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण, बिहार
मझौलिया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बखरिया-करमवा सड़क पर लाल सरैया दलित बस्ती के समीप एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, वाहन की तलाशी के दौरान चार पैकेट में कुल 67 किलो 930 ग्राम गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बोलेरो कारोबारी को भी गिरफ्तार कर लिया। उक्त बातो की जानकारी थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमर कुमार ने दी।उन्होंने बताया कि पुलिस के बरामद बोलेरो का रजिस्ट्रेशन नंबर BR-3PA-2412 है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद करीमुल्ला, पिता नबी हसन, निवासी पंचमेवा, थाना शिकारपुर के रूप में हुई है। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बखरिया-करमवा मार्ग पर निगरानी बढ़ाई थी। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें गांजा बरामद हुआ।

मामले में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी का मेडिकल जांच कराया गया। इसके उपरांत उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए बेतिया न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मादक पदार्थों के कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। मामले में पुलिस बरामद गांजा के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।






