अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण, बिहार
मझौलिया पश्चिम चंपारण। ग्राम पंचायत राज माधोपुर निवासी युगल किशोर सिंह ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देकर वार्ड नंबर-2 में कराए जा रहे ईंट सोलिंग कार्य में कथित अनियमितता की जांच कराने की मांग की है। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि पंचायत समिति सदस्य विकास कुमार शर्मा द्वारा कराया जा रहा कार्य मानक के अनुरूप नहीं है।
युगल किशोर सिंह का कहना है कि कार्यस्थल पर योजना से संबंधित कोई बोर्ड अथवा निधि एवं राशि का शिलापट्ट नहीं लगाया गया है। इससे ग्रामीणों को यह जानकारी नहीं मिल पा रही है कि कार्य किस योजना या निधि से कराया जा रहा है और इसकी स्वीकृत राशि कितनी है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कार्य के संबंध में पूछताछ करने पर पंचायत समिति सदस्य द्वारा अपने ऊंचे पदाधिकारियों एवं मंत्रीगण तक पहुंच होने की बात कहते हुए ग्रामीणों को कथित रूप से धमकाया जाता है। साथ ही फेसबुक के माध्यम से भी धमकी देने तथा ग्रामीणों को मुकदमे में फंसाने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।

वहीं, आरोपित पंचायत समिति सदस्य विकास कुमार शर्मा ने सभी आरोपों को निराधार एवं बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल विकास कार्य बंद है। समिति सदस्य विकास कुमार शर्मा ने आवेदक युगल किशोर सिंह पर रंगदारी मांगने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। इस संदर्भ में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ राजीव रंजन कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कर उचित कार्रवाई की जाएगी।






