आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। बिहार राज्य डाटा एंट्री ऑपरेटर संयुक्त मोर्चा की कार्यकारिणी बैठक शनिवार को अनुमंडल कार्यालय स्थित आपातकालीन सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता शेषांक कुमार, मिथिलेश गुप्ता, लक्ष्मण शर्मा, प्रभुनाथ सिंह, रूपेश पांडे, अजय कुमार व कौशलेन्द्र शाही ने संयुक्त रूप से की। इसमें बेल्ट्रॉन के माध्यम से संविदा पर कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर व अन्य कर्मी शामिल हुए।
मोर्चा के प्रमुख मिथिलेश गुप्ता ने सरकार द्वारा मानदेय में मिलने वाली 10 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि बंद करने के निर्णय पर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि कर्मियों के सामने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष की स्थिति है। संगठन को जिला स्तर पर मजबूत कर सभी जिलों के कर्मियों को एक मंच पर लाने पर जोर दिया गया।
बैठक में जल्द अनुमंडलवार बैठक कर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। निश्चित यादव, आर्य विशाल, नितेश कुमार, हिर्दयानंद प्रजापति, संजय कुमार, संतोष कुमार, राजन पाण्डेय व धर्मेंद्र कुमार समेत सैकड़ों कर्मी मौजूद रहे।






