आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। एनएच-727 के लौरिया-बगहा मार्ग स्थित विशुनपुरवा में पिछले वर्ष 16 नवंबर की रात बारातियों को रौंदकर तीन लोगों की जान लेने वाले कार चालक को पुलिस ने करीब दस माह बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी योगापट्टी थाना क्षेत्र के पिपरपाती गांव निवासी साहेब सिंह का पुत्र वशिष्ठ सिंह है। पुलिस ने शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
घटना उस समय हुई थी, जब नरकटियागंज के धूमनगर से विशुनपुरवा निवासी अमरीका कुशवाहा के घर आई बारात के लोग भोजन के बाद सड़क पार कर एनएच किनारे खड़ी वाहनों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बगहा की ओर से तेज गति से आ रही कार ने करीब 22 बारातियों को कुचल दिया था। हादसे में दूल्हे के फूफा नेपाल निवासी हरिशंकर कुशवाहा,मौसा व नरकटियागंज निवासी वाहन मालिक राजेश महतो तथा बारात के अगुआ दिनेश कुशवाहा की मौत हो गई थी, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे।
घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था। मृतक दिनेश के बड़े भाई अशोक प्रसाद कुशवाहा के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रियंका रंजन ने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।






