Friday, September 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास कचरे और झाड़ियों से बदहाल हुई पिपरिया जाने वाली मुख्य सड़क

कचरे और झाड़ियों से बदहाल हुई पिपरिया जाने वाली मुख्य सड़क

0
22

सड़क के दोनों किनारों पर गंदगी का अंबार, दुर्गंध से ग्रामीण परेशान; सफाई की मांग

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा। बगहा-चौतरवा एनएच-727 मुख्य मार्ग स्थित छोटकीपट्टी कब्रगाह से पिपरिया वार्ड संख्या 09 एवं 10 की ओर जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों कचरे के अंबार और उगी झाड़ियों के कारण बदहाल हो गई है। सड़क के दोनों किनारों पर जगह-जगह कचरा जमा होने के साथ छोटी-छोटी झाड़ियां उग आई हैं, जिससे सड़क लगातार संकरी होती जा रही है। इसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि बड़गांव पंचायत क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा सड़क किनारे कचरा फेंक दिए जाने के कारण स्थिति दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है। पिपरिया गांव में जाने वाली यह सड़क प्रखंड बगहा-एक के बड़गांव पंचायत क्षेत्र से होकर गुजरती है और पिपरिया वार्ड संख्या 09 एवं 10 के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख मार्ग है।
ग्रामीणों के अनुसार, विगत वर्षों में सिंगाड़ी पिपरिया पंचायत की मुखिया अर्चना पांडेय द्वारा जेसीबी मशीन लगाकर सड़क के किनारे साफ-सफाई कराई गई थी। हालांकि, नियमित सफाई के अभाव में एक बार फिर सड़क के दोनों ओर कचरे का ढेर लग गया है और झाड़ियां उग आई हैं।


ग्रामीण सुजीत कुमार मल्ल, दीनानाथ चौधरी, उमेश यादव, माधव मल्ल, प्रदीप पटेल, प्रदीप चौधरी, सकलदेव चौधरी, रामजी चौधरी, बृजकिशोर मल्ल समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे लंबे समय से साफ-सफाई नहीं होने के कारण गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कचरे के सड़ने से आसपास दुर्गंध फैल रही है। वहीं, दोनों ओर झाड़ियां उगने से सड़क का रास्ता संकरा हो गया है, जिससे पैदल राहगीरों को भी परेशानी हो रही है।ग्रामीणों का कहना है कि कचरे और गंदगी के कारण आसपास बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। सड़क पर जमा कचरे और झाड़ियों के चलते सवारी वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में लोगों के लिए इस मार्ग से गुजरना मुश्किल होता जा रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि एक ओर सरकार स्वच्छता अभियान के माध्यम से गांवों और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी ओर पिपरिया जाने वाली इस मुख्य सड़क की स्थिति स्वच्छता व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़ा कर रही है।


ग्रामीणों ने प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सड़क के दोनों किनारों पर जमा कचरे की तत्काल सफाई कराने तथा उगी झाड़ियों को हटाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो गंदगी और दुर्गंध के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!