Friday, September 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास रामनगर में 65 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम का...

रामनगर में 65 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन

0
23

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

आज दिनांक 08 सितंबर 2026 को 65 वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बेतिया ने माननीय सांसद डॉ. संजय जायसवाल (पश्चिम चंपारण) की गरिमामयी उपस्थिति में, श्री हरि प्रकाश, उप महानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, बेतिया एवं श्री नंदन सिंह मेहरा, कमांडेंट, 65 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के मार्गदर्शन एवं कुशल नेतृत्व में रामनगर( पश्चिम चंपारण)में नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को सोलर लाइट एवं कृषि उपकरणों का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त ब्यूटीशियन कोर्स के सफलतापूर्वक समापन के अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं, सीमावर्ती क्षेत्र में 65 वाहिनी द्वारा संचालित खेल गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं फुटबॉल किट/खेल सामग्री वितरित की गई।

इस अवसर पर माननीय सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सशस्त्र सीमा बल द्वारा किए जा रहे नागरिक कल्याणकारी कार्यों एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने 65 वाहिनी द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों एवं युवाओं के हित में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की प्रशंसा करते हुए वाहिनी के प्रयासों को प्रोत्साहित किया। साथ ही, जनकल्याण एवं क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे इन सराहनीय प्रयासों हेतु सशस्त्र सीमा बल के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। कार्यक्रम में माननीय विधायक श्री राम सिंह, बगहा, श्री नीलकांत, उप कमांडेंट, श्रीमती निहारिका नूतन, प्रखंड प्रमुख, रामनगर, श्री नागेंद्र शाह, श्री सुजल सिंह, उपाध्यक्ष, नगर परिषद, रामनगर, श्री दीपेंद्र विक्रम शाह एवं श्रीमती निधि राय, संस्कृति फाउंडेशन, सहित रामनगर एवं बगहा से आए गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सीमावर्ती क्षेत्रों से आए ग्रामीणों, युवाओं, मीडिया कर्मियों एवं 65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ कौशल विकास, स्वरोजगार, कृषि, खेल एवं सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा। सशस्त्र सीमा बल द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में “सुरक्षा के साथ सेवा एवं जनकल्याण” की भावना के अनुरूप निरंतर विभिन्न नागरिक कल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!