आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया/शनिचरी। योगापट्टी के मच्छरगांवा नगर पंचायत के वार्ड-4 निवासी 42 वर्षीय राजू कुमार की पुणे में हादसे के दौरान मौत हो गयी। शुक्रवार शाम कार्यक्रम के लिए डीजे साउंड सिस्टम लगाने के दौरान अचानक भारी साउंड बॉक्स उनके ऊपर गिर गया। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से वह बुरी तरह घायल हो गये। सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बताया गया कि राजू करीब एक माह पहले रोजगार की तलाश में पुणे गये थे। वहां वह टीवी, फिल्म और अन्य कार्यक्रमों में साउंड सिस्टम लगाने का काम करते थे। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी उमा देवी, पुत्र विवेक और अंकित तथा पुत्री पुष्पा समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






