आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
चनपटिया। नगर पंचायत चनपटिया ने बकाया सेवा शुल्क की वसूली के लिए अब सरकारी कार्यालयों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नगर पंचायत की ओर से प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय पर बकाया 6 लाख 24 हजार 356 रुपये सेवा शुल्क के भुगतान को लेकर पत्र जारी किया गया है। कार्यपालक पदाधिकारी हेमंत कुमार ने बीडीओ प्रणव कुमार गिरी को पत्र भेजकर बकाया राशि जमा कराने को कहा है।नगर पंचायत के रिकॉर्ड में वर्ष 2025-26 तक बीडीओ कार्यालय पर 3 लाख 77 हजार 56 रुपये सेवा शुल्क बकाया बताया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 80 हजार 888 रुपये की राशि भी देय बताई गई है।

इसके अतिरिक्त 1 लाख 96 हजार 412 रुपये ब्याज/समायोजित राशि के तौर पर दर्ज हैं। नगर पंचायत ने सभी देय राशि का भुगतान करने का अनुरोध किया है। नगर पंचायत की इस कार्रवाई से सरकारी भवनों पर लगने वाले सेवा शुल्क के भुगतान का मामला चर्चा में आ गया है। अब संबंधित कार्यालय के स्तर से अभिलेखों की जांच कर बकाया राशि को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाएगी। बीडीओ प्रणव कुमार गिरी ने कहा कि पत्र मिला है और इसकी जांच कराई जा रही है।






