विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
भीतहा। बीती रात पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान भीतहा थाना क्षेत्र के छोटकी रूपही से दो युवकों को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया। पुलिस की कार्रवाई से इलाके में नशे के कारोबार एवं सेवन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। इस संबंध में जानकारी देते हुए भीतहा थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि रात्रि गश्ती एवं चेकिंग के क्रम में पुलिस टीम ने छोटकी रूपही के समीप संदिग्ध अवस्था में दो युवकों को पकड़ा। जांच के दौरान दोनों के नशे की हालत में होने की पुष्टि होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान अनिरुद्ध गोंड, पिता असर्फी गोंड तथा मंटू कुमार गोंड, पिता सूबा गोंड, दोनों निवासी रूपही टांड़, थाना भीतहा, जिला पश्चिम चंपारण के रूप में हुई है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में भीतहा थाना कांड संख्या 143/26 दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत बगहा न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जाने की आवश्यकता जताई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नशे का सेवन करने वालों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार चेकिंग एवं कार्रवाई जारी रहेगी।






