आशीष पाण्डेय लौरिया / विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण
खिरी के पेड़ से कमलनाथ नगर चौक होते हुए एनएच-727 मुख्य सड़क तक पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण कार्य शुक्रवार से शुरू हो गया। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बुडको के सहायक परियोजना निदेशक विशाल कुमार के साथ स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य का जायजा लिया। महापौर ने कहा कि कार्यादेश जारी होने के करीब तीन माह बाद भी निर्माण शुरू नहीं हुआ था। उन्होंने गुरुवार को जिलाधिकारी तरनजोत सिंह से शीघ्र कार्य शुरू कराने का अनुरोध किया था। अगले ही दिन काम शुरू होने पर उन्होंने डीएम के प्रति आभार जताया।

महापौर ने बताया कि बुडको की योजना के तहत 1 करोड़ 33 लाख 58 हजार 980 रुपये की प्राक्कलित राशि के विरुद्ध 19.55 प्रतिशत कम दर पर 1 करोड़ 7 लाख 47 हजार 299 रुपये में कार्य आवंटित हुआ है। कार्य का आवंटन मई 2026 में किया गया था। सड़क निर्माण के साथ पक्का नाला बनने से जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होगी और बरसात में जलजमाव की समस्या कम होगी। महापौर ने निर्माण एजेंसी को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण के बाद सुप्रिया रोड जाने में सुविधा होगी और शहर के जाम से भी राहत मिलेगी।






