वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
थाना क्षेत्र के लवकुशघाट गांव में शनिवार रात करीब 8:30 बजे पुराने विवाद को लेकर एक परिवार के घर पर पहुंचकर मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। मामले में रेणू देवी ने गांव के ही आठ लोगों के खिलाफ पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में लोहे की रॉड और लाठी-डंडे से हमला करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस को दिए आवेदन में रेणू देवी ने बताया कि शनिवार रात करीब 8:30 बजे सर्वेश कुमार उर्फ दरोगा सहनी, ललन सहनी, किशान कुमार सहनी, मीना देवी, सविता कुमारी, रोशनी कुमारी, रितु कुमारी और ललिता कुमारी कथित रूप से एकराय होकर उनके घर पहुंचे। शिकायत के अनुसार, सभी के हाथों में लाठी-डंडे और लोहे की रॉड थी। आरोप है कि घर पहुंचते ही गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी गई।

रेणू देवी का आरोप है कि घटना के दौरान उनके ससुर जालंधर नट (65) के सिर के बाएं हिस्से पर सर्वेश कुमार उर्फ दरोगा सहनी ने कथित रूप से लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे उनका माथा फट गया। वहीं, शिकायत के अनुसार, तैसून देवी के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि किशान कुमार सहनी ने उन्हें उठाकर पटक दिया और लाठी से मारकर घायल कर दिया। आवेदन में रेणू देवी ने दावा किया है कि मारपीट के दौरान परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में कोई पुरुष सदस्य नहीं है। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इससे पहले भी उक्त लोगों पर तीन बार मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। मामले में रेणू देवी ने पुलिस से घटना की जांच कर आरोपों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।






