Friday, September 4, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का हुआ उद्घाटन, कचरा मुक्त पंचायत बनाने पर जोर...

अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का हुआ उद्घाटन, कचरा मुक्त पंचायत बनाने पर जोर ।

0
30

अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण

मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के सेनवरिया पंचायत में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का उद्घाटन गुरुवार को किया गया। जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार एवं पंचायत की मुखिया ज्योति श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इकाई का उद्घाटन किया। इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा पंचायत को कचरा मुक्त बनाने पर जोर दिया।
उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए लोगों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। घरों से निकलने वाले कचरे का उचित प्रबंधन होने से पंचायत में साफ-सफाई के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।


मुखिया ज्योति श्रीवास्तव ने कहा कि अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के शुरू होने से पंचायत को कचरा मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने पंचायत के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कचरा इधर-उधर नहीं फेंकें और स्वच्छता अभियान में सहयोग करें। घरों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही दें, ताकि उसका उचित तरीके से निस्तारण एवं प्रसंस्करण किया जा सके।
प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार ने भी ग्रामीणों से स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को सफल बनाने में ग्रामीणों की भूमिका अहम है।
मौके पर अंचलाधिकारी डॉली कुमारी, सरपंच नरेश पटेल, जेई रामा देवी, मुखिया प्रतिनिधि रिंकू श्रीवास्तव सहित पंचायत के सभी स्वच्छाग्रही एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने पंचायत को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!