विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बिहार राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में पश्चिम चंपारण जिले के सभी प्रखंडों की कुल 45 पंचायतों में सहयोग शिविरों का आयोजन किया गया था। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई की गई। इसी क्रम में पश्चिम चंपारण जिले के बगहा-1 प्रखंड अंतर्गत महीपुर भतौड़ा पंचायत में मंगलवार को बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी सहयोग शिविर योजना के तहत शिविर का आयोजन किया गया। पंचायत भवन परिसर में आयोजित शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे।

इसके बावजूद प्रचार-प्रसार किए जाने के बाद भी फरियादियों और आम लोगों की भीड़ धीरे धीरे जुटी रही। शिविर में कृषि विभाग, पंचायती राज विभाग, श्रम विभाग, बिजली विभाग, आंगनबाड़ी विभाग, शिक्षा विभाग, सामाजिक सुरक्षा विभाग, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया गया। सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर ही विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना था।

कई स्टॉल पर फरियादियों की संख्या कम होने के कारण कर्मी ग्रामीणों के आने का इंतजार करते नजर आए। बताया गया कि शिविर के आयोजन को लेकर प्रचार-प्रसार भी किया गया था। इस बाबत प्रखण्ड पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि लोगो की धीरे धीरे भीड़ उमड़ती गई। शिविर में मुखिया दुर्गेश ठाकुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार, अंचलाधिकारी, नगर थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।







