वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वन प्रमंडल दो के दरूआबारी गांव में वन एवं वन्यजीव संरक्षण को लेकर गठित ईको विकास समिति (ईडीसी) का द्विवार्षिक चुनाव शनिवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से हरिनारायण काजी को समिति का अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया
। वहीं पार्वती देवी को उपाध्यक्ष चुना गया। वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में हुए चुनाव में ग्रामीणों की अच्छी भागीदारी रही।
चुनाव वनपाल आशीष कुमार के नेतृत्व में वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कराया गया। इस बाबत वाल्मीकि नगर रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि इससे पूर्व भी हरिनारायण काजी निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे।उनका कार्यकाल पूरा होने के बाद नियम के अनुसार दोबारा चुनाव कराया गया, जिसमें ग्रामीणों ने एक बार फिर उन पर विश्वास जताया।समिति में सचिव का पद वनपाल के पास रहता है, जबकि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सहसचिव का चयन ग्रामीण करते हैं।

चुनाव के दौरान संतपुर सोहरिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रमेश कुमार महतो, हेमनारायण प्रसाद, कुलदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि सभी को साथ लेकर वन अपराधों पर रोक, जंगल को आग से बचाने और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए काम किया जाएगा। वन संरक्षण के साथ ग्रामीणों को रोजगार का सहारा ईडीसी जंगल और गांव के बीच समन्वय की महत्वपूर्ण कड़ी है। समिति ग्रामीणों को वन सुरक्षा से जोड़ने के साथ जरूरतमंद परिवारों को बकरी पालन, सिलाई मशीन जैसी आजीविका सहायता तथा बेटियों की शादी में टेंट, जेनरेटर और बर्तन जैसी सुविधाएं दिलाने में भी भूमिका निभाती है. इससे ग्रामीणों में वन संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता बढ़ती है।






