विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। पुलिस अधीक्षक बगहा राजेश कुमार ने अपने गोद लिए गए 10+2 सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय का भ्रमण कर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, रुचि और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर बातचीत की तथा उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। भ्रमण के दौरान एसपी राजेश कुमार ने विद्यार्थियों को स्वयं पढ़ाया और शिक्षा, अनुशासन तथा भविष्य में बेहतर करियर निर्माण को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से अध्ययन करने, समय का सदुपयोग करने और निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करना समाज के प्रति हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अध्ययन, अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के माध्यम से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। एसपी के साथ हुए सीधे संवाद से विद्यालय के विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने और पढ़ाई के साथ-साथ अच्छे संस्कार एवं अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण के साथ पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे। एसपी के इस पहल की विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने सराहना की।






