निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका, नदी किनारे नहीं जाने की अपील
नंदलाल पटेल बाल्मीकि नगर / विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिमी चंपारण, बिहार
बेतिया। प्राप्त सूचना के अनुसार नेपाल में नारायणी नदी में अचानक अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण पश्चिम चम्पारण जिले से होकर गुजरने वाली गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की संभावना जताई गई है। संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी के किनारे बसे प्रखंडों के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि गंडक नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी के किनारे एवं निचले स्तर पर बसे आबादी वाले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो सकता है। ऐसी परिस्थिति में निचले इलाकों में रहने वाले लोग तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे शरण स्थलों की ओर चले जाएं। जिला प्रशासन ने आम लोगों से विशेष सावधानी बरतते हुए नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, पश्चिम चम्पारण, बेतिया से संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन की ओर से आपदा संबंधी सहायता एवं राहत कार्यों के लिए 24 घंटे तत्पर रहने की बात कही गई है।
आपातकालीन संपर्क नंबर:
दूरभाष : 06254-247002, 06254-247003
मोबाइल : 8757547904
प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, आवश्यक सामान तैयार रखें और जलस्तर में वृद्धि होने पर बिना देरी किए सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाएं।






