विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
भीतहा (पश्चिम चंपारण)। समकालीन अभियान के तहत भीतहा थाना पुलिस ने फरार वारंटियों के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान चलाकर सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा 23 अगस्त 2026 एवं 24 अगस्त 2026 को विभिन्न गांवों में छापेमारी कर स्थायी वारंटी एवं इश्तेहार वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में चरंगहवा गांव निवासी स्थायी वारंटी रामशंकर (पिता- द्वारिका प्रसाद), जमुनिया निवासी ब्यास यादव (पिता- बालखिला यादव), भैंसहवा गांव निवासी शंभू ठाकुर, छगूर ठाकुर एवं योगेंद्र ठाकुर (तीनों पिता- विद्या ठाकुर), जिगनही निवासी लक्ष्मण यादव (पिता- अंबिका यादव) तथा प्रकाश गोंड (पिता- श्यामलाल गोंड) शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार वारंटी लंबे समय से न्यायालय के आदेश के बावजूद फरार चल रहे थे। गुप्त सूचना एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपितों को बगहा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। भीतहा थाना पुलिस ने कहा कि अपराध नियंत्रण एवं न्यायालय से लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर वारंटियों की गिरफ्तारी का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।






