शव कई दिनों पुराना होने की आशंका, पहचान में जुटी नगर थाना पुलिस
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा नगर थाना क्षेत्र के हरहा नदी स्थित मलाहीटोला वार्ड संख्या 34 के छठिया घाट पर मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मृत युवक की उम्र करीब 40 वर्ष प्रतीत हो रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव की स्थिति देखकर उसके कई दिनों पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। शरीर का अधिकांश हिस्सा सड़-गल चुका है, जिससे पहचान करने में भी परेशानी हो रही है। स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि हरहा नदी में इन दिनों पानी का बहाव काफी तेज और जलस्तर अधिक है। संभव है कि शव पानी के तेज बहाव के साथ किसी दूरस्थ अथवा पहाड़ी क्षेत्र से बहकर यहां तक पहुंचा हो।

हालांकि, शव वास्तव में कहां से बहकर आया और युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास शुरू कर दिया है। आसपास के थाना क्षेत्रों में भी अज्ञात शव की सूचना भेजे जाने की बात कही जा रही है, ताकि लापता लोगों के संबंध में प्राप्त शिकायतों से उसका मिलान किया जा सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।






