Tuesday, August 25, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में...

अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें: जिलाधिकारी।

0
14

शहीद दिवस पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि, शहीदों के परिजन हुए सम्मानित।

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बेतिया। 24 अगस्त 1942 को भारत माता को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले बेतिया के आठ अमर शहीदों की स्मृति में आज शहीद स्मारक परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके अदम्य साहस, त्याग और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

श्रद्धांजलि समारोह का शुभारंभ सशस्त्र बल के जवानों द्वारा अमर शहीदों के सम्मान में दी गई सलामी परेड के साथ हुआ। इसके पश्चात माननीय महापौर, नगर निगम बेतिया, श्रीमती गरिमा देवी सिकारिया, जिलाधिकारी श्री तरनजोत सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौतम, उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन सहित उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने कहा कि बेतिया की धरती के वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर इतिहास में अमिट स्थान बनाया है। उनका त्याग और बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।उन्होंने कहा कि अमर शहीदों ने हमें यह संदेश दिया है कि राष्ट्र सर्वोपरि है और देश के सम्मान, एकता एवं विकास के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने उपस्थित लोगों से शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा अपने जिले, राज्य और देश के विकास में सक्रिय एवं सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।जिलाधिकारी ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, वह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के संघर्ष एवं बलिदान का परिणाम है। इसलिए हमारा कर्तव्य है कि हम उनके सपनों के अनुरूप एक मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने शहीदों के आश्रितों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार और समाज शहीदों के परिवारों के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा तथा उनके सम्मान और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री अमरेन्द्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, श्री सुजीत कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री राकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं शहीदों के परिजन उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!