विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। दोन क्षेत्र में एक बार फिर सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 21वीं वाहिनी ने मानवता और सेवा का परिचय दिया है। खैरानी गांव की रहने वाली गर्भवती महिला चंद्रज्योति कुमारी को प्रसव पीड़ा की सूचना मिलने पर SSB की ओर से विशेष 4/4 एंबुलेंस भेजकर तत्काल हरनाटांड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका सुरक्षित प्रसव कराया गया। जानकारी के अनुसार, गर्भवती महिला को आपात स्थिति में चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता थी। सूचना मिलते ही 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुमारचिनवा स्थित ई-कंपनी में तैनात विशेष 4/4 एंबुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया। SSB टीम ने समय पर मौके पर पहुंचकर गर्भवती महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। हरनाटांड़ अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में महिला का प्रसव कराया गया। मां और नवजात दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।

SSB जवानों की त्वरित कार्रवाई और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने से महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण मदद मिली। स्थानीय लोगों ने SSB 21वीं वाहिनी की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गम दोन क्षेत्र में आपात परिस्थितियों में बल की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सहायता ग्रामीणों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। SSB 21वीं वाहिनी ने एक बार फिर “सेवा, सुरक्षा, बंधुत्व” के मूल मंत्र को धरातल पर उतारते हुए सीमा क्षेत्र के लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।






