विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। दोन क्षेत्र में एक बार फिर SSB 21वीं वाहिनी ने अपने मूलमंत्र “सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व” को चरितार्थ करते हुए मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। प्रसव पीड़ा से जूझ रही नौरंगिया गांव निवासी महिला को SSB की विशेष 4×4 एम्बुलेंस की मदद से समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका सफल प्रसव कराया गया। जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, दोन क्षेत्र के नौरंगिया गांव निवासी श्रीमती चुनमुन कुमारी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। दुर्गम भौगोलिक क्षेत्र होने के कारण उन्हें अस्पताल पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था। स्थिति की जानकारी मिलते ही SSB 21वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री तपेश्वर संबित राउत के तत्काल निर्देश पर सीमा चौकी कुमारचिनवा की टीम सक्रिय हुई। SSB जवानों ने त्वरित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराते हुए महिला को वाहिनी की विशेष 4×4 एम्बुलेंस से सुरक्षित रूप से हरनाटांड़ अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में महिला का सफल प्रसव हुआ। समय पर मिली सहायता के कारण मां और नवजात शिशु दोनों सुरक्षित और स्वस्थ हैं।

SSB 21वीं वाहिनी की यह पहल सीमावर्ती और दुर्गम दोन क्षेत्र के लोगों के लिए राहत और भरोसे का संदेश बन रही है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद आपात स्थिति में विशेष 4×4 एम्बुलेंस उपलब्ध कराकर मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना बताता है कि SSB केवल सीमा सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय स्थानीय लोगों के साथ भी मजबूती से खड़ी रहती है। दोन क्षेत्र में इससे पहले भी SSB द्वारा प्रसव पीड़ित महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया जाता रहा है। ऐसे मानवीय कार्यों से स्थानीय लोगों में SSB के प्रति विश्वास और सम्मान और मजबूत हो रहा है। सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय सेवा और जनसरोकारों के क्षेत्र में SSB 21वीं वाहिनी की सक्रिय भूमिका की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।






