Wednesday, August 19, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बगहा पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों के साथ जन संवाद किया

बगहा पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों के साथ जन संवाद किया

0
24

वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट

थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत के रमपुरवा गांव में मंगलवार की देर शाम बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने ग्रामीणों के साथ जनसंवाद किया। महादलित बस्ती में आयोजित बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनना और पुलिस-जनता के बीच आपसी संवाद एवं समन्वय को मजबूत करना रहा। इस दौरान ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और गंडक नदी के कटाव सहित कई स्थानीय समस्याओं से एसपी को अवगत कराया.
एसपी ने ग्रामीणों से गांव में शिक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली.उन्होंने शौचालय, विद्यालय एवं इंटर कॉलेज में शिक्षकों की उपलब्धता तथा बच्चों की नियमित पढ़ाई के बारे में भी पूछताछ की। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है या नहीं, इसकी जानकारी ली। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य केंद्रों की उपलब्धता को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।

गंडक कटाव और इंडो-नेपाल सीमा का मुद्दा उठा

जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने गंडक नदी से गांव के आसपास हो रहे कटाव की समस्या प्रमुखता से उठाई। पूर्व मुखिया विशुन देव राम और वार्ड सदस्य नारायण राम ने बताया कि इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र में बनाए जा रहे बांध के कारण गंडक की धारा का रुख रमपुरवा की ओर होने की आशंका है।इससे भविष्य में गांव के कटाव का खतरा बढ़ सकता है। एसपी ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय विषय है और इस संबंध में वरीय अधिकारियों के स्तर से गृह मंत्रालय से बातचीत की जा रही है।


एसपी राजेश कुमार ने पुलिस अधिकारियों को ग्रामीणों की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी समस्या की स्थिति में ग्रामीण बिना संकोच वरीय अधिकारियों से संपर्क करें। पुलिस और जनता के बेहतर तालमेल से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। बैठक के दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एसपी को बुके देकर सम्मानित किया।मौके पर बबलू सिंह, देवेंद्र कुमार सिंह, विशुन देव राम, टूना कुमार उरांव, विकास मित्र कृष्णा कबीर, नारायण राम व रंजीत कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!