उत्तर प्रदेश कुशीनगर से अमित कुमार शर्मा की रिपोर्ट
कुशीनगर। रविन्द्रनगर धूस थाना क्षेत्र के ग्राम सोहनरिया निवासी संदीप शर्मा के तीन वर्षीय पुत्र के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में कुशीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राममिलन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृत बच्चे को घटना के महज चार घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया था। हालांकि, उस समय अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को संदीप शर्मा ने सूचना दी कि पड़रौना-कसया मुख्य मार्ग पर जानकीनगर स्थित उनके मकान के बाहर खेल रहे उनके तीन वर्षीय पुत्र का किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण कर लिया है और बाद में फोन कर फिरौती की मांग की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देश पर रविन्द्रनगर धूस थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा तथा क्षेत्राधिकारी सदर राकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसी दिन अपहृत बच्चे को आरोपी राममिलन यादव के घर से सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्चे की बरामदगी के दौरान आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में सफल रहा। इसके बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 को पुलिस ने राममिलन यादव पुत्र राधाकृष्ण यादव, निवासी बगहवा, थाना धनहा, जनपद पश्चिमी चंपारण, बिहार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बच्चों से घुल-मिलकर बनाया था भरोसा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले कई वर्षों से ग्राम सोहनरिया में रह रहा था। गांव के कई घरों में उसका आना-जाना था और वह बच्चों के साथ खेलता तथा उन्हें खिलाता था। इस कारण गांव के लोग उस पर आसानी से भरोसा करते थे।पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को शाम करीब तीन बजे जब संदीप शर्मा का तीन वर्षीय पुत्र घर के बाहर खेल रहा था, तभी आरोपी ने कथित तौर पर बच्चे को अपने कब्जे में लेकर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद उसने फोन के माध्यम से बच्चे के पिता से संपर्क कर फिरौती की मांग की।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया और अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।






