Wednesday, August 19, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बाघ के हमले के बाद सड़क जाम और प्रदर्शन के दौरान हुई...

बाघ के हमले के बाद सड़क जाम और प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, वनपाल पर जानलेवा हमले का आरोप

0
19

34 नामजद समेत 300 अज्ञात पर प्राथमिकी

वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट

थाना क्षेत्र के भेड़िहारी बंगाली कॉलोनी में बाघ के हमले में किसान विजय हालदार की मौत के बाद सड़क जाम और प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा का मामला गंभीर होता जा रहा है. वन विभाग के वनपाल आशीष कुमार ने वाल्मीकिनगर थाने में आवेदन देकर 34 नामजद समेत करीब 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. आवेदन में वनकर्मियों से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा, सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर पलटने और आग लगाने के प्रयास का आरोप लगाया गया है.
वनपाल के अनुसार, 15 अगस्त को करीब 11:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि भेड़िहारी बंगाली कॉलोनी के पास जंगल से निकले बाघ ने विजय हालदार पर हमला कर दिया है.सूचना मिलते ही वह वनरक्षी कुंदन कुमार के साथ मोटरसाइकिल से भेड़िहारी चौक पहुंचे. वहां हाईस्कूल के सामने मुख्य सड़क पर शव रखकर करीब 300 से 400 लोगों की भीड़ सड़क जाम किए हुए थी.
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेने के दौरान नामजद लोगों ने वनपाल को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे, ईंट तथा लात-घूंसों से हमला किया. वनपाल ने जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है. पुलिस के पहुंचने पर उन्हें भीड़ से निकालकर सुरक्षित ले जाया गया. इस दौरान उनकी वर्दी फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है.
वनपाल को बचाने के दौरान वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष पर भी हमला किए जाने की बात आवेदन में कही गई है. इसके बाद भीड़ द्वारा अन्य वनकर्मियों को भी खोजकर मारने का प्रयास करने का आरोप है.

सरकारी वाहन को बनाया निशाना

आवेदन के अनुसार, भेड़िहारी चौक पर पहुंचे वन विभाग के सरकारी वाहन को भीड़ ने क्षतिग्रस्त कर सड़क पर पलट दिया और उसमें आग लगाने का प्रयास किया.वनपाल ने घटना में शामिल 34 नामजद समेत करीब 300 अज्ञात लोगों पर विधि-विरुद्ध जमावड़ा, जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है. इस बाबत थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज करते हुए पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान में जुटी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!