विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
धनहा। बगहा पुलिस जिला के धनहा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक नन्ही बच्ची का शव गन्ने के खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव तमकुहा स्थित बजाज एजेंसी के समीप रंगलाल यादव के मकान के बगल में गन्ने के खेत से बरामद होने की बात सामने आ रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मासूम बच्ची का शव मिलने की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिसके बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश और चिंता देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि आखिर इस मासूम बच्ची का क्या कसूर था? किसने उसकी जान ली और शव को गन्ने के खेत में लाकर फेंक दिया? हालांकि बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

सूचना मिलने के बाद धनहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है तथा बच्ची की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्ची की मौत कैसे हुई और शव को गन्ने के खेत में किसने फेंका। घटना के पीछे हत्या, दुर्घटना या कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा। मासूम बच्ची की मौत को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और सभी की नजर अब पुलिस की जांच पर टिकी हुई है। पुलिस जल्द ही घटना के रहस्य से पर्दा उठाने का प्रयास कर रही है।






