अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण,
बिहार सरकार के निर्देश पर मझौलिया प्रखंड की चार पंचायतों में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं और आवेदनों का त्वरित निष्पादन करना था। शिविर जौकटिया पंचायत सरकार भवन, रुलही पंचायत के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, विद्यालय के समीप स्थित पंचायत भवन तथा डुमरी पंचायत में लगाया गया।
जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जौकटिया पंचायत सरकार भवन के प्रांगड़ में पौधारोपण भी किए एवं माधोपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया तथा शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवेदन संबंधी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निष्पादन करने का निर्देश दिया।सरकार द्वारा दिए गए विभिन्न योजनों की जानकारी दी।

प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार ने बताया कि सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्राप्त कुल आवेदनों में करीब 91 प्रतिशत आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है और उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस दौरान बीडीओ ने लोगों को साइबर फ्रॉड से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें। साथ ही लोगों को नशे से दूर रहने और इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए लोगों से प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की गई।

सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों को अपनी समस्याओं और योजनाओं से संबंधित आवेदन देने में काफी सहूलियत मिली। शिविर को लेकर ग्रामीणों में भी उत्साह देखा गया।इस मौके पर
जौकटिया पंचायत के मुखिया कुंती देवी पुत्र विपिन साह,माधोपुर पंचायत के मुखिया संगीता देवी पति राजू चौधरी , रुलही पंचायत के मुखिया पम्मी सिंह पति मनील सिंह,डुमरी पंचायत के मुखिया पति संतोष यादव की सराहनीय योगदान रहा।






