Saturday, August 15, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास आजादी के जश्न में डूबा चखनी राजवटिया पंचायत, आन-बान-शान से लहराया तिरंगा

आजादी के जश्न में डूबा चखनी राजवटिया पंचायत, आन-बान-शान से लहराया तिरंगा

0
18

वंदे मातरम्, भारत माता की जय और स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारों से गूंज उठा पंचायत परिसर

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा में स्वतंत्रता दिवस के 80वें पावन अवसर पर प्रखंड बगहा-1 अंतर्गत चखनी राजवटिया पंचायत में आजादी का जश्न पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। पंचायत के ग्राम पंचायत भवन संत तेरेसा कन्या मध्य विद्यालय एवं ग्राम कचहरी भवन परिसर में सरपंच गिरिजा देवी की प्रतिनिधि छबिलाल यादव ने पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज फहराया। तिरंगा लहराते ही पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। लोगों ने ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और ‘स्वतंत्रता दिवस अमर रहे’ के जयघोष के साथ राष्ट्रीय पर्व की खुशियां मनाईं। इस अवसर पर सरपंच गिरिजा देवी, उनके प्रतिनिधि छबिलाल यादव, समाजसेवी प्रेमचंद साहनी, राजेश गुप्ता, जोगी शाह, जनक यादव, शेषनाथ गुप्ता गंगा साह, विजय साह सहित पंचायत के कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं ग्रामीण मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। साथ ही देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और समृद्धि को बनाए रखने का संकल्प लिया। समाजसेवी प्रेमचंद साहनी ने पंचायतवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना जीवन न्योछावर कर दिया। माताओं ने अपने वीर सपूतों का बलिदान दिया, तब जाकर देश गुलामी की जंजीरों से मुक्त हुआ। आज हम सभी का पुनीत कर्तव्य है कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के साथ ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सच्ची सेवा भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।

वहीं सरपंच गिरिजा देवी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास और वीर शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने पंचायतवासियों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, समाज में शांति और सौहार्द कायम रखने तथा देश के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा देशहित में सदैव कार्य करने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!