Friday, August 14, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बगहा में निकली तिरंगा यात्रा, स्कूली बच्चों ने देशभक्ति की झांकी से...

बगहा में निकली तिरंगा यात्रा, स्कूली बच्चों ने देशभक्ति की झांकी से मोहा मन

0
11

शादमान शकील हैदर बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बगहा में अंबेडकर प्रतिमा के समीप से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर देशभक्ति का संदेश दिया। माउंट वैली पब्लिक स्कूल एवं सनराइज पब्लिक स्कूल समेत अन्य विद्यालयों के बच्चों की प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। माउंट वैली पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देश के वीर जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों और भारत के महान विभूतियों पर आधारित मनमोहक झांकी प्रस्तुत की। झांकी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, शहीद-ए-आजम भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर, भारत माता, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई तथा बिहार पुलिस सेवा के जवान और ब्लैक कमांडो के रूप में बच्चों ने देश की वीरता और राष्ट्रभक्ति को प्रदर्शित किया। इस दौरान स्कूली बच्चियों ने देशभक्ति गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर कर दिया। बच्चों ने “यहां हर कदम-कदम पर धरती बदले रंग” सहित विभिन्न देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति दी।

वहीं बच्चों द्वारा दिए गए जोशीले देशभक्ति भाषणों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया। तिरंगा यात्रा में बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। पूरा वातावरण भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। झांकी के माध्यम से बच्चों ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों के योगदान को याद करते हुए नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम और देशसेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में माउंट वैली पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं सृष्टि कुमारी, कोमल कुमारी, ज्ञान कुमार, श्रेयांश, प्रिंस कुमार, खुशी कुमारी, पवन कुमार समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे। स्कूली बच्चों की प्रस्तुति की लोगों ने जमकर सराहना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!