विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज गोपालगंज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने लच्छवार में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से प्रस्तावित स्थल से जुड़ी जानकारी ली और मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के लच्छवार पहुंचने और स्थल निरीक्षण के बाद क्षेत्र में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण का रास्ता साफ होने के संकेत मिले हैं। मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जिले और आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर इसे स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

इसके बाद मुख्यमंत्री मानिकपुर पहुंचे, जहां उन्होंने निजी कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने वाई.वी. गिरी की दिवंगत मां की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में विधायक सुभाष सिंह, एमएलसी पप्पू सिंह, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी व्यापक तैयारियां की गई थीं।






