बेतिया में दिसंबर 2027 तक कार्य पूरा होने की संभावना
आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। पूर्व मध्य रेलवे,हाजीपुर के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने गुरुवार को वाल्मीकिनगर रोड, नरकटियागंज और बेतिया रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं,अमृत भारत स्टेशन योजना सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। वाल्मीकिनगर रोड स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे कार्यों और रेल परियोजनाओं की समीक्षा की गई। नरकटियागंज स्टेशन पर महाप्रबंधक ने पैदल ऊपरी पुल, प्लेटफॉर्म समेत अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की गति और गुणवत्ता की जानकारी ली। स्टेशन परिसर में मिली कुछ कमियों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

इस दौरान पूर्व विधायक रश्मि वर्मा ने नरकटियागंज से संचालित इंटरसिटी में अतिरिक्त डिब्बा लगाने की मांग रखी। ईस्ट सेंट्रल रेलवे मेन्स कांग्रेस ने भी रेलकर्मियों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। बेतिया स्टेशन पर महाप्रबंधक ने निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार बेतिया स्टेशन के निर्माण कार्य दिसंबर 2027 तक पूरा होने की संभावना है।






