विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा-2 प्रखण्ड क्षेत्र के यमुनापुर-टड़वलिया पंचायत के पटहेरा बाजार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निर्धारित समय पर संचालित नहीं होने का मामला सामने आया है। क्षेत्र भ्रमण एवं निरीक्षण के दौरान केंद्र बंद पाए जाने के बाद वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि शत्रुघ्न कुमार पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, बगहा-2 को लिखित शिकायत भेजकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। वही विधायक प्रतिनिधि द्वारा 11 अगस्त को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि क्षेत्र भ्रमण के क्रम में पटहेरा बाजार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया। विभाग द्वारा निर्धारित समय प्रातः नौ बजे तक केंद्र खुला नहीं पाया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इससे केंद्र के संचालन में निर्धारित नियम एवं समय-सारणी का अनुपालन नहीं किए जाने की बात सामने आती है। पत्र में आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका के व्यवहार को लेकर भी आपत्ति जताई गई है।

विधायक प्रतिनिधि का आरोप है कि निरीक्षण के दौरान सेविका द्वारा यह कहा गया कि “हमारा संघ जैसा कहेगा, वैसे ही हम लोग करेंगे। हम लोग किसी प्रतिनिधि को नहीं जानते हैं।” विधायक प्रतिनिधि ने इस कथन को अनुचित एवं आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि इस प्रकार के व्यवहार से विभागीय कार्यों के निरीक्षण एवं निगरानी में बाधा उत्पन्न होती है। शत्रुघ्न कुमार पटेल ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने केंद्र के नियमित संचालन, सेविका की उपस्थिति तथा केंद्र से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने का भी अनुरोध किया है। साथ ही, जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है। विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी व्यवस्था का हिस्सा हैं। ऐसे में केंद्रों का निर्धारित समय पर नियमित संचालन आवश्यक है, ताकि बच्चों एवं अन्य लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। अब शिकायत के बाद विभागीय जांच और आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजर है।






