विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा (पश्चिम चंपारण): सावन माह के पावन अवसर पर बगहा अनुमंडल अंतर्गत मधुबनी प्रखंड क्षेत्र के सभी शिव मंदिरों में सोमवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। प्रातः ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु मंदिरों में जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़े। मंदिर परिसरों में लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं, जहां भक्तजन पूरी आस्था के साथ भगवान शिव का पूजन-अर्चन करते नजर आए।

इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य पं० भरत उपाध्याय ने कहा कि शिवजी की आराधना से “सर्वे भवंतु सुखिन:” का भाव साकार होता है, जो समाज में सुख, शांति और समृद्धि का संदेश देता है।श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम नारायणी नदी से पवित्र जल भरकर मंदिरों की ओर प्रस्थान किया और विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पूरे क्षेत्र में युवाओं का विशेष उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर गाजा-बाजा के साथ शिव भक्त “हर-हर महादेव” के जयघोष करते हुए मंदिरों की ओर बढ़ते नजर आए।

भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे।






