अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
बेतिया (पश्चिम चंपारण): नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ पर लगाए गए आरोपों को लेकर संगठन ने कड़ा जवाब दिया है। बेतिया में आयोजित एक प्रेस वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने इन आरोपों को निराधार, तथ्यहीन और भ्रामक करार दिया। प्रेस वार्ता के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ का किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य बिहार की सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं बौद्धिक क्षमता को सशक्त बनाना है तथा समाज के विभिन्न वर्गों को सकारात्मक दिशा में जोड़ना है। उन्होंने यह भी बताया कि अभियान से जुड़े लोग पूरी तरह स्वैच्छिक रूप से बिहार के विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य कर रहे हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति या उनके साथ ली गई तस्वीर को आधार बनाकर व्यक्तिगत संबंध, राजनीतिक निकटता या आर्थिक सहयोग का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों का विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होना सामान्य प्रक्रिया है और केवल तस्वीरों के आधार पर आरोप लगाना तथ्यात्मक नहीं माना जा सकता।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आरोप लगाने से पहले तथ्यों और प्रमाणों की उचित जांच आवश्यक है। बिना ठोस साक्ष्य के लगाए गए आरोप न केवल भ्रामक होते हैं, बल्कि संबंधित व्यक्ति या संस्था की छवि को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी राजनीतिक विवाद में उलझने के बजाय अपने सामाजिक सरोकारों और रचनात्मक गतिविधियों पर ही ध्यान केंद्रित करता रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी संस्था या अभियान के बारे में जानकारी प्राप्त करते समय आधिकारिक तथ्यों की पुष्टि अवश्य करें और भ्रामक सूचनाओं से बचें। ।प्रेस वार्ता में संयोजक साकेत कुमार, फखरुद्दीन, कुंदन शांडिल्य, अशोक कनोडिया, अजय यादव, मुन्ना राज, मनोज गिरी, अभय गुप्ता, सुशील यादव, सुनीलाल गुप्ता, पप्पू उपाध्याय, अनुज कुमार सिंह, पवन कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।






