विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। 21वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा ‘वंदे मातरम्’ कार्यक्रम के तीसरे चरण के अंतर्गत विभिन्न जन-जागरूकता एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन कार्यवाहक कमांडेंट श्री सुरेश शर्मा के निर्देशन में संपन्न हो रहा है, जिसका उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना है।

इसी क्रम में वाहिनी मुख्यालय परिसर में सभी अधिकारियों एवं बल कार्मिकों ने सामूहिक रूप से पूर्ण ‘वंदे मातरम्’ का सस्वर गायन किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों और जवानों ने राष्ट्र के प्रति अपनी अटूट निष्ठा, समर्पण एवं देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया। इसके अतिरिक्त, राजकीय मध्य विद्यालय, रामपुर में भी एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय गीत के इतिहास, उसके महत्व तथा स्वतंत्रता संग्राम में उसकी प्रेरणादायी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने का संदेश भी दिया गया। वाहिनी के अधीन सभी समवायों एवं सीमा चौकियों पर भी ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रम, देशभक्ति आधारित प्रतियोगिताएँ एवं अन्य प्रेरणादायक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों में देशभक्ति की भावना को प्रबल करने का प्रयास किया जा रहा है। एसएसबी के इस पहल को स्थानीय स्तर पर सराहना मिल रही है और इसे राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।






