Wednesday, August 5, 2026
No menu items!
Google search engine
Home दुनिया भारत-नेपाल बॉर्डर सुस्ता के समीप बवाल,नेपाली ग्रामीणों ने एसएसबी टीम पर किया...

भारत-नेपाल बॉर्डर सुस्ता के समीप बवाल,नेपाली ग्रामीणों ने एसएसबी टीम पर किया पथराव

0
21

यथास्थिति उल्लंघन का आरोप 150-200 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज

वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट

वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल सीमा से सटे विवादित सुस्ता क्षेत्र में सीमा विवाद एक बार फिर गरमा गया है। सशस्त्र सीमा बल की ओर से वाल्मीकिनगर थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, नेपाली ग्रामीणों पर यथास्थिति का उल्लंघन करते हुए भारतीय सीमा की ओर बांध निर्माण करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने तथा एसएसबी जवानों पर पथराव करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। मामले में लगभग 150 से 200 अज्ञात नेपाली नागरिकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन के अनुसार, 21वीं वाहिनी एसएसबी बगहा के रमपुरवा समवाय प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि 2 अगस्त 2026 को उप कमांडेंट (प्रचालन) विशाल कुमार, मुख्य आरक्षी त्रिदेव प्रसाद, आरक्षी गोपाल कुमार तथा अन्य जवानों के साथ सीमा क्षेत्र में सूचना संकलन एवं नियमित गश्ती के लिए निकले थे।

दोपहर करीब 2:15 बजे जब टीम सुस्ता से सटे भारतीय सीमा क्षेत्र में पाकड़ के पेड़ के पास पहुंची तो देखा कि नेपाल के सुस्ता गांव के ग्रामीण यथास्थिति सीमा का उल्लंघन कर भारतीय क्षेत्र की ओर मिट्टी का बांध बना रहे थे।
एसएसबी के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को भारत और नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों के बीच हुई संयुक्त बैठक में यह सहमति बनी थी कि विवादित क्षेत्र में यथास्थिति बनाए रखी जाएगी तथा अंतिम निर्णय तक किसी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं होगा। इसके बावजूद बांध निर्माण जारी रखा गया।
एसएसबी का आरोप है कि जब इस संबंध में नेपाल की एपीएफ से बातचीत चल रही थी, तभी सुस्ता गांव के लगभग 150 से 200 ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। भीड़ ने एसएसबी जवानों के साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की तथा लाठी और पत्थरों के साथ आक्रामक हो गई। स्थिति को देखते हुए एसएसबी टीम भारतीय सीमा में स्थित सेमल के पेड़ के पास लौट आई, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी भीड़ ने यथास्थिति रेखा पार कर भारतीय क्षेत्र की ओर पथराव शुरू कर दिया।


घटना के बाद सीमा क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। एसएसबी ने इसे सरकारी कार्य में गंभीर बाधा, सीमा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बताते हुए वाल्मीकिनगर थाना में लिखित आवेदन देकर नेपाल के सुस्ता गांव के 150-200 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। इस दावत थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आवेदन के आलोक में बाल्मीकि नगर थाना कांड संख्या 119 / 26 दर्ज करते हुए पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!