Sunday, August 2, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास महावीरी झंडा व चहलूम पर थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे...

महावीरी झंडा व चहलूम पर थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

0
15

अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण

आगामी महावीरी झंडा एवं चहलूम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को मझौलिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार एवं पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अमर कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों एवं गणमान्य लोगों से पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति के वातावरण में मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। बैठक में स्पष्ट रूप से बताया गया कि महावीरी झंडा एवं चहलूम के दौरान डीजे का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई व्यक्ति प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात संचालन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार ने कहा कि दोनों पर्व सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव के प्रतीक हैं। सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे शांति एवं अनुशासन बनाए रखें। वहीं पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अमर कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया तथा महावीरी झंडा और चहलूम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया ।इस मौके पर मुखिया हरिलाल यादव,शिवशंकर ठाकुर उर्फ पुतुल ठाकुर,मुखिया प्रतिनिधि दीनानाथ साह,अली असगर पूर्व मुखिया सोनू राय , सुनील तिवारी, सरपंच संजय पटेल,महमद्दीन अंसारी आदि जनप्रतिनिधि सहित गणमान्य नागरिक शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!