Sunday, August 2, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास लौरिया नगर पंचायत में सफाई कर्मियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी,...

लौरिया नगर पंचायत में सफाई कर्मियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

0
15

विजय कुमार शर्मा बगहा / अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण, बिहार

लौरिया (प. चंपारण): ऑल इंडिया म्युनिसिपल वर्कर्स एसोसिएशन के बैनर तले नगर पंचायत लौरिया के सफाई कर्मियों की राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। अपनी दो सूत्री मांगों को लेकर हड़ताली कर्मियों ने नगर पंचायत कार्यालय से जुलूस निकाला, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए प्रभु चौक गोलंबर पहुंचा। यहां कर्मियों ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान एसोसिएशन की राज्य कमेटी सदस्य श्रीमती रीता रवि ने हड़ताली कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन द्वारा नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव को दो सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि पहली मांग के तहत दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मियों का नियमितीकरण एवं सेवा सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित की जाए। वहीं दूसरी मांग आउटसोर्सिंग व्यवस्था को समाप्त करने की है।

रीता रवि ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर केंद्र सरकार सफाई कर्मियों के सम्मान की बात करती है, जबकि दूसरी ओर यही कर्मी बेहद कम वेतन और अस्थायी व्यवस्था में काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी सुबह चार बजे से शहर की सफाई करते हैं, लेकिन उन्हें मात्र 26 दिन की मजदूरी और करीब आठ हजार रुपये मासिक वेतन आउटसोर्सिंग के जरिए दिया जाता है, जो अत्यंत अन्यायपूर्ण है।उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक वार्ता कर कर्मियों की समस्याओं का समाधान किया जाए, ताकि हड़ताल समाप्त हो सके।

इस मौके पर पिंकी देवी, नत्थू राउत, रीना देवी, स्पून देवी, शमा देवी, मिठाई राउत, चंदन कुमार, सावन कुमार सहित दर्जनों सफाई कर्मी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!