विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। प्रखंड बगहा-2 के बरवल पंचायत स्थित हिरौती चौक के समीप काली मंदिर के पास जलजमाव में घड़ियाल (मगरमच्छ) देखे जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार जलभराव वाले इस क्षेत्र में अचानक घड़ियाल के दिखाई देने से आसपास के लोग दहशत में हैं। सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि उक्त स्थान के पास ही कोचिंग सेंटर संचालित होता है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में बच्चे एवं बच्चियां पढ़ने आते हैं। ऐसे में किसी भी अनहोनी की आशंका से अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है, लेकिन अब तक घड़ियाल को पकड़ना विभाग के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। इधर, काली मंदिर के आसपास रहने वाले लोग और कोचिंग में पढ़ने वाले बच्चे लगातार डर के साये में हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से शीघ्र कार्रवाई करते हुए घड़ियाल को सुरक्षित पकड़कर अन्यत्र ले जाने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। साथ ही, लोगों ने जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की भी अपील की है।






