विजय कुमार शर्मा / शादमान शकील हैदर बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा (प. चंपारण): नरकटियागंज–गोरखपुर रेलखंड के अंतर्गत बगहा–खरपोखरा रेलवे लाइन के पास एक दुर्लभ वन्यजीव फिशिंग कैट घायल अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी। आशंका जताई जा रही है कि यह जंगली बिल्ली ट्रेन की चपेट में आने से घायल हुई है। सूचना मिलते ही वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने घायल फिशिंग कैट को सुरक्षित पकड़कर प्राथमिक उपचार के लिए वन्यजीव चिकित्सा केंद्र भेज दिया।

पर्यावरण प्रेमी सह समाजसेवी गजेंद्र यादव ने बताया कि फिशिंग कैट एक दुर्लभ और संरक्षित प्रजाति है, जो मुख्यतः जलाशयों और दलदली क्षेत्रों के आसपास पाई जाती है। इसके घायल मिलने की घटना वन्यजीवों के लिए रेलवे ट्रैक के बढ़ते खतरे को भी उजागर करती है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। वहीं विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के घायल या संकट में होने की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उसकी जान बचाई जा सके।

फिलहाल फिशिंग कैट की स्थिति पर वन विभाग की निगरानी जारी है और उसके शीघ्र स्वस्थ होने की उम्मीद जताई जा रही है।






