विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
चंपारण और आसपास के ग्रामीण इलाकों के युवाओं के लिए यह पहल एक सुनहरा अवसर साबित हो सकती है। अब प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएँ घर के पास ही उपलब्ध होने से स्थानीय युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और मंच मिल सकेगा, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना पाएंगे। वाल्मीकिनगर, जो पहले से ही प्राकृतिक सुंदरता और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है, अब खेल गतिविधियों के जुड़ने से एक नए आयाम की ओर बढ़ेगा।

खेल-पर्यटन (Sports Tourism) के विकास से यहाँ पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे होटल, परिवहन, गाइड और स्थानीय व्यवसायों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इधर, बिहार का खेल परिदृश्य भी तेजी से बदल रहा है। हाल ही में राजगीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम जैसी बड़ी परियोजनाओं ने राज्य को नई पहचान दी है। यदि उत्तर बिहार के प्रवेश द्वार वाल्मीकिनगर में भी इस तरह की खेल सुविधाओं का विकास होता है, तो यह न केवल क्षेत्रीय प्रतिभाओं को नई उड़ान देगा, बल्कि बिहार के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ने का काम करेगा।






