विजय कुमार शर्मा बगहा/ रामु साह सेमरा पश्चिम चंपारण, बिहार
प्रखंड बगहा-2 अंतर्गत ग्राम पंचायत बैरागी सोनबरसा के रतनपुरवा गांव निवासी रविंद्र साह ने बिहार तकनीकी सेवा आयोग की परीक्षा सफलता पूर्वक उत्तीर्ण कर शल्य कक्ष सहायक (ओटी असिस्टेंट) के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। करीब 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आई इस बहाली में पहली ही कोशिश में सफलता हासिल कर रविंद्र ने अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया है।

रविंद्र साह की इस उपलब्धि से पूरे पंचायत समेत आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है। गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। परिजन, मित्र और ग्रामीण लगातार उनके घर पहुंचकर उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं। अपनी सफलता को लेकर रविंद्र साह ने बताया कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग संस्थान की मदद के केवल सेल्फ स्टडी के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि वे निजी प्रैक्टिस के साथ-साथ नियमित अध्ययन करते रहे और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर इस कठिन परीक्षा को पास किया।

उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, भाई-बहनों के आशीर्वाद और निरंतर सहयोग के साथ-साथ गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है। रविंद्र की इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो यह दर्शाता है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।






