विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा पुलिस जिला के भीतहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान चलाते हुए शराब तस्करी और वारंटियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 19 जुलाई 2026 को छापेमारी के दौरान 5 लीटर देशी शराब बरामद की गई, जिसके आधार पर कांड संख्या 130/2026 दर्ज किया गया। हालांकि इस मामले में संलिप्त कारोबारी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है। इसी क्रम में 19 जुलाई 2026 की रात्रि में पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। गिरफ्तार वारंटी की पहचान समील्लाह, पिता जौवाद मियां, निवासी रेडहा थाना भीतहा, जिला पश्चिम चम्पारण के रूप में की गई है। पुलिस ने उसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बगहा न्यायालय भेज दिया।

वहीं 20 जुलाई 2026 की भोर में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की। छापेमारी के दौरान 8PM ब्रांड की कुल 976 पीस (प्रत्येक 180 एमएल) अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 175.68 लीटर बताई जा रही है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान शारधा बीन (पिता बाबूलाल बीन, ग्राम रूपही टांड) एवं लेकडू बीन (पिता नन्दलाल बीन, ग्राम मुराडीह टांड) थाना भीतहा, जिला पश्चिम चम्पारण के रूप में हुई है। इस संबंध में भीतहा थाना में कांड संख्या 131/2026 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए बगहा न्यायालय प्रस्तुत किया गया है। पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी है।






