बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकिनगर। थाना क्षेत्र के टंकी बाजार में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश में भी मुख्य सड़क पर जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जा रही है। खासकर टंकी बाजार स्थित सब्जी मंडी के मुख्य प्रवेश मार्ग पर पानी जमा होने से दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि थोड़ी देर की बारिश के बाद ही सड़क तालाब का रूप ले लेती है, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में आवागमन बाधित हो जाता है।स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार में बने नाले की नियमित सफाई नहीं होने और कई स्थानों पर नाले के ऊपर अस्थायी दुकानों के लग जाने से जल निकासी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। नतीजतन बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है और घंटों तक निकासी नहीं हो पाती। इससे बाजार की सूरत बिगड़ गई है और लोगों को रोजाना परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।

सब्जी मंडी टंकी बाजार का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। जलभराव के कारण लोगों को गंदे और बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ता है, वहीं दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा भी बना रहता है। कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर इस गंभीर समस्या की लगातार अनदेखी की जा रही है। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने की पहल की जाती, तो आज यह स्थिति नहीं बनती। स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से अविलंब हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने नालों की नियमित सफाई, अतिक्रमण हटाने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि बरसात के मौसम में टंकी बाजार के लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।






