विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पश्चिम चंपारण के बगहा से राजनीतिक जगत की एक अहम खबर सामने आई है। जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने वाल्मीकिनगर के पूर्व विधायक धीरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह को पार्टी का प्रदेश महासचिव मनोनीत किया है। इस नियुक्ति के बाद वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में जदयू कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह और खुशी का माहौल है। प्रदेश महासचिव बनाए जाने के बाद वाल्मीकिनगर पहुंचने पर रिंकू सिंह का भव्य स्वागत किया गया।

जदयू किसान प्रकोष्ठ के पश्चिमी चम्पारण जिला अध्यक्ष विमलेंदु सिंह उर्फ मुनना सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र, फूल-मालाएं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, संगठन के विस्तार तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के इस निर्णय का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि रिंकू सिंह के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा क्षेत्र में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।






